दमाण चोरी कांड: 10 दिन बाद भी सुराग नहीं, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने प्रशासन को दिए 7 दिन

0

N8 news network

 (उदयपुर /झाड़ोल) 

28 जून तक खुलासा नहीं हुआ तो 29 जून को झाड़ोल थाने के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी


झाड़ोल। ग्राम दमाण में 11 जून की रात हुई चोरी की बड़ी वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना से न्याय दिलाने की मांग की है। मामले को लेकर करणी सेना के जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा अपने पदाधिकारियों एवं समाजजनों के साथ झाड़ोल थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।


थाने में हुई चर्चा के दौरान पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच को आगे बढ़ाने एवं आरोपियों तक पहुंचने के लिए 7 दिन का समय मांगा। इस पर करणी सेना ने प्रशासन पर विश्वास जताते हुए 28 जून तक का समय दिया है।


जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा ने कहा कि चोरी की घटना को 10 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर मामले का खुलासा करना चाहिए।


उन्होंने कहा कि करणी सेना कानून व्यवस्था का सम्मान करती है और प्रशासन द्वारा समय मांगे जाने पर उसे पूरा सहयोग दिया गया है। लेकिन यदि 28 जून तक मामले का खुलासा नहीं होता है, तो 29 जून को झाड़ोल थाने के बाहर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।


चुंडावत ने शासन एवं प्रशासन से मांग की कि चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से भी अपील की कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर नैतिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था और आमजन के विश्वास से जुड़ा विषय है। समाज न्याय की अपेक्षा रखता है और प्रशासन से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद करता है।


इस दौरान करणी सेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


अर्जुन सिंह चुंडावत गढ़पुरा का बयान पुलिस प्रशासन ने स्वयं 7 दिन का समय मांगा है। हमने सकारात्मक सोच के साथ उन्हें पूरा समय दिया है। हमें उम्मीद है कि निर्धारित अवधि में मामले का खुलासा होगा। यदि 28 जून तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 29 जून को समाजजन झाड़ोल थाने के बाहर प्रदर्शन करेंगे।


Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)