अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस के उपलक्ष्य आयोजित योग कार्यक्रम

0

अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस के उपलक्ष्य आयोजित योग कार्यक्रम

 (1) जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित 

उदयपुर, 21 जून। राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर के तत्वावधान में जिला एवं सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता (अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस के उपलक्ष्य में जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर उदयपुर मे योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

आयोजित योग कार्यक्रम मे उदयपुर जिला मुख्यालय के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, न्यायिक कर्मचारीगण ने भाग लिया। योगा कार्यक्रम में अध्यक्ष बार एसोसिएशन जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेंद्र मेनारिया, महासचिव लोकेश गुर्जर के साथ बार एसोसिएशन के वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्तागण द्वारा योग किया गया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा न्यायाधीशगण एवं वरिष्ठ अधिवक्तागण को उपरना एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।  जिला एवं सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने कहा कि आज के युग मे योग अति आवश्यक है, प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग किया जाने से शरीर स्वस्थ रहता है एवं स्वस्थ शरीर होने से बीमारियों से बचाव होता है।

योगा कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष जोशी, कोर्ट मैनेजर सुनील जैन, अध्यक्ष बार एसोसिएशन जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेंद्र मेनारिया, महासचिव लोकेश गुर्जर की विशेष भूमिका रही।

----------------------------------------------------------

 (2) आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ सामूहिक योगाभ्यास 

उदयपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविन्द्र नाथ टेगौर मेडिकल कॉलेज परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 408 चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम प्रातः 6 बजे प्रारंभ हुआ और सुबह 8 बजे तक चला। इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग दिवस कार्यक्रम का संचालन मेडिकल कॉलेज में कार्यरत प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों गुंजन, डॉ. मेघश्याम शर्मा, डॉ. नरेंद्र जोशी एवं डॉ. विजय रजाक द्वारा किया गया।

---------------------------------------------------------

( 3)ईएसआईसी अस्पताल में योग सत्र का आयोजन 

उदयपुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल द्वारा मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के सहयोग से योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष चैधरी एवं डॉ अभिषेक शर्मा ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।

कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. डी. शर्मा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है तथा इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। उपनिदेशक आशीष चैधरी एवं नोडल अधिकारी डॉ. प्रबोध सोलंकी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, लाभार्थियों एवं आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय अधीक्षक योगेन्द्र जैन, नर्सिंग अधिकारी मनीष पराशर एवं प्रशासनिक शाखा से रामप्रकाश के विशेष योगदान एवं समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।

___________________

( 4) केन्द्रीय कारागृह में 1100 बंदियों और जेल स्टाफ ने किया योग 


उदयपुर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केन्द्रीय कारागृह में रविवार को योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1100 बंदियों एवं जेल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के लाइव संदेश के प्रसारण से हुई। इसके बाद आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। योग सत्र में ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, मकरासन, शवासन, कपालभाति, नाड़ी शोधन, भ्रामरी सहित अनेक योग क्रियाएं कराई गईं। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग की ओर से योग प्रशिक्षक देवेन्द्र सैन, अनिता जोशी, लतिका अग्रवाल, आर्ट आॅफ लिविंग के प्रशिक्षक गिरधारी व अजय दीक्षित ने योगाभ्यास कराया।

केन्द्रीय काराग्रह अधीक्षक राजपाल सिंह ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा तनाव से मुक्ति मिलती है। उन्होंने बंदियों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपाधीक्षक श्रीमोहन मीणा, सहायक भगवान मीणा, कारापाल सतेंद्र कुमार, अचलाराम, श्री रघुवीर प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों एवं प्रहरियों ने भी योगाभ्यास में भाग लिया।

---------------------------------------------------------------

 (5) गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया योग दिवस 

 स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का दिया संदेश

उदयपुर, 21 जून।। राज्य सरकार एवं गृह रक्षा विभाग के निर्देशानुसार गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कार्यालय परिसर में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का व्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गृह रक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, गृह रक्षा स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग सत्र के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कमांडेंट प्रणय जसोरिया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं निरोगी रहता है, मानसिक तनाव और चिंता में कमी आती है तथा व्यक्ति का आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ती है। योग हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कमांडेंट श्री जसोरिया ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग एक प्रभावी उपाय के रूप में उभरा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो वह कई प्रकार की शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बच सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों से नियमित रूप से योग करने और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्लाटून कमांडर मंगलाराम ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा जीवन में अनुशासन और संतुलन बना रहता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ







Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)