प्रवासी मेवाड़वासियों के समर्थन में आगे आए विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, महाराष्ट्र सरकार से 9 माह की मोहलत देने की मांग
FDA के नए नियमों से प्रभावित हजारों दुग्ध व्यवसायियों को राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र
उदयपुर,/नाथद्वारा/मुंबई। महाराष्ट्र में दुग्ध व्यवसाय से जुड़े मेवाड़ मूल के हजारों प्रवासी परिवारों की आजीविका पर मंडरा रहे संकट के बीच नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ उनके समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा खुले दूध के व्यवसाय के लिए लागू किए गए नए नियमों के पालन हेतु 9 माहकी अतिरिक्त समय-सीमा देने का आग्रह किया है।
विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने अपने पत्र में कहा कि मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में वर्षों से दुग्ध व्यवसाय कर रहे अधिकांश मेवाड़वासी आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से हैं। नए नियमों के तत्काल पालन की बाध्यता के कारण उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने बताया कि मेवाड़ संभाग के राजसमंद, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा सहित नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के अनेक परिवार रोजगार के लिए वर्षों से महाराष्ट्र में रहकर दुग्ध व्यवसाय कर रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में ये परिवार मानसिक तनाव और भविष्य को लेकर चिंता का सामना कर रहे हैं।
विश्वराज सिंह मेवाड़ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सरकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इन व्यवसायियों को नई तकनीकी व्यवस्था, पैकेजिंग मानकों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराए।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि सरकार 9 माह की मोहलत देती है तो सभी दुग्ध व्यवसायी महाराष्ट्र सरकार एवं FDA की गाइडलाइन के अनुसार अपने व्यवसाय को तकनीकी रूप से उन्नत कर नियमों का पूर्ण पालन कर सकेंगे।
इस पहल का प्रवासी मेवाड़वासियों और समाज के विभिन्न वर्गों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि विधायक विश्वराज सिंह ने प्रवासी समाज की आजीविका और हितों की रक्षा के लिए समय पर आवाज उठाकर अपनी संवेदनशीलता और जनप्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
N8News Nwywork udaipur

