udaipur उदयपुर में हिंदुत्व रक्षा महासंघ का शिक्षा सेवा अभियान, स्कूली बच्चों को बांटी निःशुल्क स्टेशनरी

0

 उदयपुर में हिंदुत्व रक्षा महासंघ का शिक्षा सेवा अभियान, स्कूली बच्चों को बांटी निःशुल्क स्टेशनरी

निःशुल्क स्टेशनरी वितरण का द्वितीय चरण संपन्न, “शिक्षित भारत ही बनेगा विकसित भारत” का दिया संदेश



उदयपुर। हिंदुत्व रक्षा महासंघ के शिक्षा सहायता एवं सामाजिक कल्याण प्रकोष्ठ की ओर से शिक्षा सेवा अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुगला मंगरा, पंचायत समिति बड़गांव, जिला उदयपुर में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। यह संगठन के निःशुल्क स्टेशनरी वितरण अभियान का द्वितीय चरण था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय पर विद्यालय पहुंचने, अनुशासन का पालन करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों का आदर-सम्मान करने की प्रेरणा दी गई। बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया।

संगठन ने कहा कि बाल्यावस्था से ही बच्चों में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। शिक्षकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया गया। साथ ही गुरु-शिष्य परंपरा के अनुरूप विद्यालय में आत्मीय और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।

स्टेशनरी सामग्री मिलने पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। बच्चों ने उत्साहपूर्वक “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष किए और आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

“गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बालक-बालिका का अधिकार” — डॉ. राव बहादुर सिंह

हिंदुत्व रक्षा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राव बहादुर सिंह ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन शिक्षा के क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

उन्होंने कहा, “शिक्षित भारत ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकता है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बालक और बालिका का अधिकार है।”

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” का संदेश दिया और बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में संगठन की ओर से सेवा सहयोग कार्यकर्ता एवं समाजसेवी मांगी लाल माली, अनिल नाहर, नरेश चित्तौड़ा तथा मुकेश दास वैष्णव उपस्थित रहे।

विद्यालय की ओर से प्रधानाध्यापिका श्रीमती सरोज सामोता, अध्यापिका श्रीमती दुर्गा मालावत एवं प्रबोधक ऋतु वशिष्ठ का कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग रहा।

संगठन ने भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

फोटो कैप्शन: राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुगला मंगरा में हिंदुत्व रक्षा महासंघ के निःशुल्क स्टेशनरी वितरण अभियान के द्वितीय चरण के दौरान विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित करते संगठन के प्रतिनिधि एवं विद्यालय स्टाफ।




N8 NEWS | उदयपुर

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)