तिरंगे की शान में रंगा उदयपुर, उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
उदयपुर, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उदयपुर जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का अद्भुत माहौल देखने को मिला। गांधी ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस वर्ष पहली बार समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" की स्वर लहरियों के साथ किया गया। ध्वजारोहण के बाद पूरे गांधी ग्राउंड में राष्ट्रगान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन हुआ, जिससे वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
मंत्री श्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 69 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अनुशासित परेड बनी आकर्षण का केंद्र
एनसीसी मुख्यालय उदयपुर के लाइनिंग अधिकारी एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी प्रेमशंकर श्रीमाली के निर्देशन तथा परेड कमांडर पुनाराम गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित परेड समारोह का मुख्य आकर्षण रही। पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस और अन्य दलों की टुकड़ियों ने बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। पूरा गांधी ग्राउंड भारत माता के जयकारों और तालियों की गूंज से गुंजायमान रहा।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं अन्य अधिकारियों ने शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी, शौर्य चक्र विजेता शहीद मेजर मुस्तफा तथा स्वतंत्रता सेनानी कन्हैयालाल के परिजनों का शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विद्यालयी बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक व्यायाम और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने भारत की विविध संस्कृति और राष्ट्रीय एकता को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। केंद्रीय कारागृह के बंदीजन ऑर्केस्ट्रा समूह ने भी देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी जरूरी : बाबूलाल खराड़ी
अपने संबोधन में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से भारत को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।





