बहुमुखी प्रतिभाओं और प्रबुद्ध जनों के सम्मान से बढ़ता है समाज का गौरव : संत , मेगटिया कलां में प्रतिभाओं का महाकुंभ, 4 जिलों की मेधाओं और समाज गौरव हस्तियों का हुआ सम्मान

0

 

बहुमुखी प्रतिभाओं और प्रबुद्ध जनों के सम्मान से बढ़ता है समाज का गौरव : संत


मेगटिया कलां में प्रतिभाओं का महाकुंभ, 4 जिलों की मेधाओं और समाज गौरव हस्तियों का हुआ सम्मान

मेगटिया कलां में स्व. अंबाबाई वैष्णव के प्रथम श्राद्धोत्सव पर भव्य प्रतिभा एवं समाज गौरव सम्मान समारोह

 रिपोर्ट द्वारा N8 न्यूज़ संपादक निशांत पंडित 

घासा (मेवाड़)। निकटवर्ती ग्राम मेगटिया कलां (बडियार मंडल) में शनिवार को स्वर्गीय अंबाबाई वैष्णव के प्रथम श्राद्धोत्सव के अवसर पर वैष्णव समाज प्रतिभा एवं समाज गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मेगटिया परिवार द्वारा आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ एवं सलूंबर जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चारभुजानाथ की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में रोकड़िया हनुमानजी के महामंडलेश्वर मुनि महाराज तथा सेवत्री से पधारे लक्ष्मणदासजी महाराज अग्रावत का पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

अपने आशीर्वचनों में संतों ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता किसी भी समाज की उन्नति के मूल आधार हैं। प्रतिभाओं का सम्मान करने से युवाओं में नई प्रेरणा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का उत्साह जागृत होता है, जिससे समाज का गौरव बढ़ता है।

समारोह के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री, स्कूल बैग, वैष्णव साहित्य, पानी की बोतल, पेन, डायरी तथा प्रशंसा पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इसके अलावा समाज सेवा, चिकित्सा, पत्रकारिता, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों, चिकित्सकों, मीडियाकर्मियों, समाजसेवियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति चिन्ह, अभिनंदन पत्र, वैष्णव सरिता, माला, साफा एवं ऊपरना भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ एवं सलूंबर जिलों सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। मेगटिया परिवार की ओर से पधारे संतों, महंतों, विभिन्न समाजों के अध्यक्षों एवं विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन मुरली वैष्णव कोठारिया ने किया तथा रामचंद्र वैष्णव फलीचड़ा के निर्देशन में समारोह का आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। अंत में मेगटिया परिवार ने सभी संतों, अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।






N8 NEWS | निष्पक्ष • विश्वसनीय •  

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)