56 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण मेघवाल को 32 मतों से हराया, महापौर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा
उदयपुर। ( निशांत पंडित )उदयपुर नगर निगम में भाजपा ने एक बार फिर अपना राजनीतिक वर्चस्व साबित करते हुए डिप्टी मेयर पद पर भी जीत दर्ज कर ली है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट नगर निगम के नए डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार को हुए चुनाव में भट्ट को 56 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण मेघवाल को केवल 24 वोट प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने 32 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
इस जीत के साथ ही नगर निगम के दोनों शीर्ष पद—महापौर और डिप्टी मेयर—अब भाजपा के कब्जे में आ गए हैं। इससे पहले महापौर पद पर भाजपा के पारस सिंघवी निर्वाचित हुए थे।
डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा में कई नामों पर मंथन चला। कविता जोशी और पंकज बोराणा के नाम भी चर्चा में रहे, लेकिन पार्टी नेतृत्व और पार्षदों की राय के बाद अंततः दिनेश भट्ट के नाम पर मुहर लगी। प्रत्याशी घोषित होने के बाद भाजपा पार्षदों ने एकजुटता दिखाते हुए उनके पक्ष में मतदान किया और उन्हें स्पष्ट बहुमत दिलाया।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा रही कि दिनेश भट्ट महापौर पद के प्रबल दावेदारों में शामिल थे। हालांकि पार्टी ने अंतिम समय में पारस सिंघवी को महापौर उम्मीदवार घोषित किया। इसके बाद संगठन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए भट्ट को डिप्टी मेयर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
दिनेश भट्ट भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और छह वर्षों तक शहर जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और साफ-सुथरी छवि के कारण उन्हें पार्टी का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही नगर निगम परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशी मनाई, मिठाइयाँ बांटी और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। डिप्टी मेयर चुनाव के नतीजों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि नगर निगम के नए बोर्ड में भाजपा का नेतृत्व पूरी तरह मजबूत स्थिति में है।

