सवीना थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, युवक की मौत
उदयपुर। शहर के सवीना थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुम्हारवाड़ा निवासी लोकेश धाभाई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार लोकेश अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को महाराणा भोपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

